सोमवार, 02 अप्रैल, 2007 को 23:51 GMT तक के समाचार
ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख ने एक साक्षात्कार में कहा है कि ब्रितानी नौसैनिकों के ख़िलाफ़ ईरान में कोई मुक़दमा नहीं चलाया जाएगा.
सुरक्षा परिषद के प्रमुख अली लारीजानी ने कहा कि ईरान पकड़े गए 15 ब्रितानी नौसैनिकों के खिलाफ़ मुक़दमा नहीं चलाना चाहता है.
ब्रितानी नौसैनिकों को 11 दिन पहले ईरान के 'रेवोल्युशनरी गार्ड्स' ने पकड़ लिया था. इनपर आरोप था कि वे ईरान के जलक्षेत्र में आ गए थे.
हालांकि ब्रितानी सरकार ईरान के इस आरोप का खंडन करते हुए कहती रही है कि उसके नौसैनिक दरअसल इराक़ी जल क्षेत्र में ही गश्त लगा रहे थे.
एक ब्रितानी टेलीविज़न को दिए गए अपने साक्षात्कार में अली लारीजानी ने कहा कि उन्हें आशा है कि इस पूरे विवाद का हल कूटनीतिक प्रयासों से निकाला जा सकता है.
हालांकि उन्होंने इस मसले पर ब्रितानी सरकार के रुख़ को कड़वाहट भरा बताते हुए ब्रिटेन की आलोचना भी की है.
लारीजानी के इस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ब्रितानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वे भी कूटनीतिक प्रयासों के पक्ष में हैं.
विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि लारीजानी के इस ताज़ा बयान के बाद ब्रिटेन ईरान के साथ मंगलवार को बात करेगा.
लारीजानी ने यह भी कहा है कि ब्रितानी सैनिक ईरान के जलक्षेत्र में आ गए थे और इस तथ्य को स्थापित करने के लिए जाँच शुरू की जा सकती है.