गुरुवार, 29 मार्च, 2007 को 18:26 GMT तक के समाचार
इराकी पुलिस के अनुसार देश के शिया बहुल इलाक़ों में हुए आत्मघाती हमलों में सौ से अधिक लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं.
पुलिस ने बताया कि बग़दाद के शिया बहुल क्षेत्र में हुए दो आत्मघाती हमलावरों ने विस्फोट किया जिसमें कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई. यह धमाका भीड़भाड़ वाले इलाक़े में किया गया था.
इससे पहले बग़दाद के उत्तर में ख़लिस शहर में हुए तीन बम हमलों में 40 लोग मारे गए थे और 80 लोग घायल हुए थे.
पुलिस के अनुसार ख़लिस में हुए धमाके सुनियोजित थे और ये धमाके एक के बाद एक किए गए.
पहला धमाका बाज़ार में किया गया जबकि दूसरा न्यायालय परिसर के पास और तीसरा सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किया गया.
ख़लिस मुख्य रुप से शियाओं का इलाक़ा माना जाता है और यहां पहले भी धमाके होते रहे हैं.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने संवाद समिति रायटर्स को बताया कि उसने सड़कों पर कम से कम आठ लाशें देखी हैं.
अली सादिक नाम के एक सरकारी मुलाज़िम का कहना था कि दुकानों के पास ज़बर्दस्त धमाका हुआ जिसके मिनटों बाद दो और धमाके हुए.
संवाद समिति एएफपी के अनुसार आवासीय क्षेत्रों की ओर मोर्टार हमले भी किए गए.
पिछले एक हफ्ते में इराक़ में शियाओं पर कई हमले हो चुके हैं.
इससे पहले शिया बहुल तलअफार में हुए हमले में 55 लोग मारे गए थे जिसके जवाब में कथित रुप से शिया पुलिसकर्मियों ने 80 से अधिक सुन्नियों को गोली मार दी थी.