सोमवार, 26 मार्च, 2007 को 03:30 GMT तक के समाचार
मध्य जापान के पश्चिमी तट पर फिर से तगड़े झटके महसूस किए गए हैं.
इन्हें रविवार को आए भूकंप के बाद का झटका माना जा रहा है जिसमें एक व्यक्ति की जान गई थी और 200 लोग घायल हुए थे.
इन झटकों में से एक की तीव्रता 5.3 थी.
ये झटके वनुआतु द्वीपदेश में भी महसूस किए गए हैं. वहाँ भी रविवार को भूकंप आया था.
हालांकि प्रशांत महासागर के द्वीप वनुआतु में कोई नुक़सान नहीं हुआ है, जापान में कई मकानों को क्षति पहुँची है और पानी के पाइपों को नुक़सान पहुँचा है.
जापान सरकार भूकंप पीड़ितों की सहायता में लगी हुई है.
प्रधानमंत्री शिन्तो अबे ने कहा है कि जनजीवन सामान्य करने के लिए सरकार हर संभव कोशिश करेगी.
उन्होंने कहा है कि कुल 68 मकानों नष्ट हो गए हैं और 168 को क्षति पहुँची है.
अधिकारियों का कहना है कि ढाई हज़ार से अधिक लोगों ने कैंपों में रात गुज़ारी.
उल्लेखनीय है कि रविवार की सुबह जापान के होन्शु द्वीप में भूकंप आया था और इसका केंद्र टोक्यो से 300 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में था.