http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 24 मार्च, 2007 को 06:39 GMT तक के समाचार

मध्य पूर्व की यात्रा पर कोंडोलीज़ा राइस

अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस फ़लस्तीनी साझा सरकार के गठन के बाद पहली बार मध्य पूर्व की यात्रा पर है.

पिछले आठ महीनों में राइस की यह सातवीं मध्य पूर्व यात्रा है.

अपनी यात्रा के दौरान कोंडोलीज़ा इसराइली प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट और फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास से मुलाक़ात करेंगी.

इससे पहले वो मिस्र में अरब नेताओं से मिलेंगी.

संवाददाताओं का कहना है कि कोंडोलीज़ा फ़लस्तीनी राष्ट्र के निर्माण की ओर ध्यान केंद्रित कर रही हैं.

अधिकारियों के अनुसार कोंडोलीज़ा राइस मिस्र के असवान शहर में मिस्र, जार्डन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के नेताओं से मुलाक़ात करेंगी.

शुक्रवार को राइस ने कहा, "इसराइली फ़लस्तीनी संघर्ष का समाधान खोजने के लिए अरब और इसराइल पक्ष से समाधान की दिशा में प्रयास की जरुरत है शुरुआत से लेकर अंत तक."

उनका कहना था कि सभी पक्षों को फ़लस्तीनी राष्ट्र के निर्माण की दिशा में प्रयास करना चाहिए.

उधर अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश का कहना है कि वो अपने विदेश मंत्री को बार-बार मध्य पूर्व भेज रहे हैं क्योंकि मध्य पूर्व की समस्या का समाधान उनके प्रशासन के एजेंडे पर है.

हालांकि अमरीकी प्रशासन ने पिछले दिनों गठिन फ़लस्तीनी सरकार को मान्यता देने से इंकार करता रहा है लेकिन कोंडोलीज़ा राइस इलाक़े में उदारवादी नेताओं से लगातार मिल रही है.

राइस के साथ यात्रा कर रहे बीबीसी संवाददाता जोनाथन बील का कहना है कि अमरीका के प्रयासों में एक तरह की तेज़ी दिख रही है लेकिन ये भी साफ है कि अब इसमें विचारधारा का कोई स्थान नहीं है.