शनिवार, 24 मार्च, 2007 को 16:49 GMT तक के समाचार
इराक़ में शनिवार को हुए भीषण बम धमाकों में पचास से ज़्यादा लोगों के मारे जाने और अनेक के घायल होने की ख़बरें हैं.
इनमें से कुछ बम विस्फोट राजधानी बग़दाद में भी हुए जिन्होंने शहर को हिलाकर रख दिया.
पुलिस के अनुसार एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरा एक ट्रक एक पुलिस स्टेशन से टकराया जिससे इतना भारी धमाका हुआ जिसकी गूंज दूर-दूर तक सुनी गई.
यह हमला बग़दाद के बाहरी इलाक़े दोराह में स्थित पुलिस स्टेशन पर किया गया. इस हमले में 20 लोग मारे गए जिनमें से 16 पुलिसकर्मी थे और तीन क़ैदी थे जिन्हें थाने की कोठरियों में रखा गया था.
26 अन्य लोग घायल भी हो गए जिनमें ज़िला पुलिस प्रमुख भी शामिल है. इस हमले में पुलिस स्टेशन की लगभग आधी इमारतें तबाह हो गईं.
कहा जाता है कि इस पुलिस स्टेशन में काफ़ी कड़ी सुरक्षा चौकसी बरती जाती थी और उसकी दीवारें काफ़ी मोटी और ठोस और मज़बूत कंक्रीट से बनी हुई थीं जो भारी धमाके को बर्दाश्त कर सकती थीं.
बग़दाद के दक्षिणी हिस्से में इस्तगंदारिया में एक अन्य आत्मघाती हमलावर ने ट्रक में भरे विस्फोटकों से एक शिया मस्जिद पर हमला किया जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई.
बग़दाद से पश्चिम में स्थित शहर फ़लूजा में पुलिस ने 12 शव बरामद किए हैं और सड़क के किनारे से किए गए एक बम धमाके में दो महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई.
सीरियाई सीमा के नज़दीक एक सड़क पर स्थित एक पुलिस स्टेशन और एक नाके पर भी कार आत्मघाती हमल हुए जिनमें सात लोगों की मौत हो गई और बारह अन्य घायल हो गए.
उसी सड़क पर सीरियाई सीमा के निकट एक अन्य कार आत्मघाती हमला किया गया जिसमें चार लोग मारे गए और 13 घायल हो गए.
कहा जाता है कि इराक़ में आत्मघाती हमलों के लिए सीरिया से आने वाले रास्ते को आसान मार्ग समझा जाता है लेकिन सीरियाई अधिकारी इसका खंडन करते हैं.