http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 23 मार्च, 2007 को 18:44 GMT तक के समाचार

इराक़ से सेना वापसी की समय सीमा तय

अमरीकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ़ रिप्रेजेंटेटिव ने अगले साल सिंतबर तक इराक़ से सेना वापस बुलाने के पक्ष में मतदान किया है.

इस बीच अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने अपने पुराने रूख़ पर कायम रहते हुए कहा है कि अगर यह प्रस्ताव उनके पास आता है तो वे इसे वीटो कर देंगे.

उनका कहना है कि इससे अमरीकी सैनिकों को ज़रूरी संसाधन मुहैया कराने में देरी होगी.

बुश कहते रहे हैं कि इराक़ में 30 हज़ार अतिरिक्त सैनिक भेजने की रणनीति पर अमल के लिए और समय चाहिए.

अभी अमरीकी संसद के दोनों सदनों पर विपक्षी डेमोक्रैटिक पार्टी का नियंत्रण है.

ताज़ा विधेयक इराक़ और अफ़ग़ानिस्तान में जारी संघर्ष के लिए ज़रूरी धनराशि की मंजूरी से संबंधित है.

लेकिन इसी तरह के विधेयक के संसद के ऊपरी सदन यानी सीनेट में पारित होने की संभावना कम है क्योंकि वहाँ इसके लिए अधिक बहुमत की ज़रूरत होगी.

बुश की दलील

जॉर्ज बुश का कहना है कि इराक़ में की जा रही ताज़ा कार्रवाई के परिणाम कुछ दिनों या सप्ताह में नहीं बल्कि महीनों बाद नज़र आएँगे.

इराक़ पर हमले के चार साल पूरे होने पर दिए अपने भाषण में उन्होंने कहा कि वहाँ लोगों को ‘उम्मीद की किरण’ नज़र आ रही है.

लेकिन साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यह अमरीकी अभी इराक़ से हट जाता है, तो उसके परिणाम गंभीर होंगे.

राष्ट्रपति बुश ने कहा कि बग़दाद में 28 हज़ार अतिरिक्त सैनिक भेजने की उनकी योजना के नतीजे नज़र आने में कुछ वक्त लगेगा.

उनका कहना था कि सुरक्षा योजना लागू होने के बाद 'कभी वक्त अच्छा होगा तो कभी ख़राब.'

राष्ट्रपति बुश ने कहा,'' चुनौतियों को देखकर अभी वापसी का विकल्प हमने चुना तो उसके अमरीकी सुरक्षा के लिए गंभीर परिणाम होंगे.''