गुरुवार, 22 मार्च, 2007 को 18:44 GMT तक के समाचार
लंदन में सात जुलाई, 2005 को हुए आत्मघाती हमले के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
इनमें दो शख्स जो 23 और 30 साल की उम्र के हैं. उन्हें ब्रिटेन के मैनचेस्टर हवाई अड्डे से उस वक्त गिरफ़्तार किया गया जब वो पाकिस्तान की उड़ान पकड़नेवाले थे.
इसके बाद लीड्स नामक शहर से तीसरे शख्स को गिरफ़्तार किया गया. इन लोगों को आंतकवाद विरोधी क़ानूनी के तहत गिरफ़्तार किया गया.
गिरफ़्तार लोगों को सेंट्रल लंदन स्थित पुलिस स्टेशन ले जाया गया जहाँ उनसे मेट्रोपॉलिटन पुलिस के आतंकवाद विरोधी दस्ते के लोग पूछताछ करेंगे.
पुलिस का कहना है कि लीड्स के बीस्टन इलाक़े के पाँच स्थानों में तलाशी भी ली गई.
स्कॉटलैंड यार्ड का कहना है कि ये गिरफ़्तारियाँ गुप्तचर सूचनाओं के आधार पर की गईं.
ग़ौरतलब है कि लंदन में सात जुलाई, 2005 में हुए धमाकों में 52 लोग मारे गए थे और लगभग 700 घायल हुए थे.
धमाके तीन भूमिगत रेलगाड़ियों और एक बस में हुए थे. धमाके सुबह के समय हुए जब ज़्यादातर लोग दिन का काम शुरू करने के लिए जा रहे होते हैं.