http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 20 मार्च, 2007 को 07:58 GMT तक के समाचार

रूस में दो बड़े हादसे: 160 मौतें

दक्षिणी रूस में मंगलवार की सुबह एक वृद्धाश्रम में आग लगने से कम से कम 63 व्यक्तियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए.

पिछले 24 घंटे में यह रूस में दूसरा बड़ा हादसा है.

इससे पहले सोमवार को साइबेरिया क्षेत्र के किमिरोवो में एक कोयला खदान में मीथेन गैस रिसने के बाद हुए विस्फोट में वहाँ काम कर रहे कम से कम 97 लोग मारे गए.

आपात स्थिति मंत्रालय के अनुसार कुबान क्षेत्र के कामयशेवाटस्काया गाँव में स्थित वृद्धाश्रम में आग लग गई. उस समय वहाँ 93 व्यक्ति ठहरे हुए थे. घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

एक अधिकारी के अनुसार आग मंगलवार तड़के लगी लेकिन दमकल विभाग का दफ्तर वहाँ से 50 किलोमीटर की दूरी पर होने के कारण अग्निशमन दस्ता घटनास्थल पर एक घंटे के बाद पहुँच सका.

इससे पहले सोमवार को पूर्वी रूस में दोपहर एक बजे कोयला खदान में विस्फोट हुआ. उस समय खदान के भीतर क़रीब 200 लोग काम कर रहे थे.

रूस में पिछले एक दशक में यह सबसे बड़ी खदान दुर्घटना है. इस हादसे में कम से कम 97 लोग मारे गए. कुछ लोग अभी भी अंदर फँसे हुए हैं.

बचाव दलों ने अंदर फँसे 82 लोगों को बाहर निकालने में सफलता पा ली है लेकिन अभी भी फँसे हुए 13 लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं.

बचाव दलों का कहना है कि मीथेन गैस के गहरे धुएं ने उनका काम मुश्किल कर दिया है.