http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 19 मार्च, 2007 को 21:00 GMT तक के समाचार

बुश ने इराक़ पर धैर्य रखने की सलाह दी

अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने कहा है कि इराक़ में की जा रही ताज़ा कार्रवाई के परिणाम कुछ दिनों या सप्ताह में नहीं बल्कि महीनों बाद नज़र आएँगे.

इराक़ पर हमले के चार साल पूरे होने पर दिए अपने भाषण में उन्होंने कहा कि वहाँ लोगों को ‘उम्मीद की किरण’ नज़र आ रही है.

लेकिन साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यह अमरीकी अभी इराक़ से हट जाता है, तो उसके परिणाम गंभीर होंगे.

राष्ट्रपति बुश ने कहा कि बग़दाद में 28 हज़ार अतिरिक्त सैनिक भेजने की उनकी योजना के नतीजे नज़र आने में कुछ वक्त लगेगा.

उनका कहना था कि सुरक्षा योजना लागू होने के बाद 'कभी वक्त अच्छा होगा तो कभी ख़राब.'

राष्ट्रपति बुश ने कहा,'' चुनौतियों को देखकर अभी वापसी का विकल्प हमने चुना तो उसके अमरीकी सुरक्षा के लिए गंभीर परिणाम होंगे.''

'अमरीका पर भरोसा कम'

अमरीकी राष्ट्रपति का बयान ऐसे वक्त आया है जब इराक़ में किए गए एक देशव्यापी सर्वेक्षण से पता चला है कि सिर्फ़ 18 प्रतिशत इराक़ियों को अमरीका के नेतृत्व वाली सेना पर भरोसा है जबकि 82 प्रतिशत लोग उस पर विश्वास नहीं करते हैं.

सर्वेक्षण ने भाग लेने वालों में से 80 प्रतिशत लोगों को यह डर सताता है कि वे ख़ुद या उनके परिवार का कोई सदस्य हिंसा का शिकार हो जाएगा.

बीबीसी और अमरीकी मीडिया संस्था एबीसी ने इराक़ पर हमले के चार साल पूरे होने पर संयुक्त रुप से यह सर्वेक्षण करवाया है.

इराक़ियों से जब यह पूछा गया कि क्या उन्हें इराक़ की राष्ट्रीय सरकार पर भरोसा है तो आधे लोगों ने इसमें हामी भरी.

सर्वेक्षण से पता चलता है कि इराक़ के भविष्य को लेकर नागरिक लगातार निराशावादी होते जा रहे हैं.

लेकिन भारी हिंसा के बावजूद बहुमत (56 प्रतिशत लोगों) की राय है कि अब भी इराक़ में गृहयुद्ध की स्थिति नहीं है.