मंगलवार, 13 मार्च, 2007 को 07:44 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र परमाणु एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद अल बारादेई उत्तर कोरिया पहुंचे हैं जहां वो उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को बंद करने संबंधी वार्ताएं करेंगे.
बारादेई ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उत्तर कोरिया के साथ संयुक्त राष्ट्र परमाणु एजेंसी के संबंध बेहतर ही होंगे.
अपनी यात्रा के दौरान बारादेई उत्तर कोरिया से यह जानने की भी कोशिश करेंगे कि संयुक्त राष्ट्र के पर्यवेक्षक कब तक वहां आ सकते हैं.
योंगब्योन संयंत्र बंद करने के बदले उत्तर कोरिया को पचास हज़ार टन ईंधन और आर्थिक मदद मिलेगी.
इसके बाद अगर उत्तर कोरिया अपने पूरे परमाणु कार्यक्रम को बंद कर देता है तो उसे 9,50,000 टन ईंधन भी दिया जाएगा.
पिछले महीने की 13 तारीख को बीजिंग में छह देशों की वार्ताओं में इस बारे में समझौता हुआ था.
चीन की सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ ने अल बारादेई के हवाले से कहा ' हमें उम्मीद है कि हम उन मुद्दों पर बात कर सकेंगे जिन पर छह देशों की वार्ताओं मे सहमति हुई थी. उम्मीद है कि परिणाम सकारात्मक होंगे.'
अल बारादेई का उत्तर कोरिया दौरा चार साल बाद हो रहा है जब उत्तर कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र निरीक्षकों के एक दल को उत्तर कोरिया से बाहर कर दिया था.