http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 12 मार्च, 2007 को 06:38 GMT तक के समाचार

महारानी से मिलेंगी शिल्पा शेट्टी

बॉलीवुड की अदाकारा और रियलटी टेलीविज़न शो 'सेलिब्रिटी बिग ब्रदर' की विजेता शिल्पा शेट्टी सोमवार को लंदन में राष्ट्रमंडल दिवस के समारोह को संबोधित करेंगी.

साथ ही वो ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय से भी मुलाक़ात करेंगी.

इस समारोह में महारानी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के अलावा राष्ट्रमंडल देशों के 50 से अधिक प्रतिनिधि भी भाग लेंगे.

शिल्पा अपने भाषण में भारत की सांस्कृतिक विभिन्नता और नस्लीय मतभेद से जूझने का अपना अनुभव भी बाँटेंगी.

जबकि महारानी अपने भाषण में विभिन्न समुदायों के बीच एक-दूसरे का आदर करने और समझ विकसित करने के महत्व पर बोलेंगी.

ग़ौरतलब है कि इस वर्ष जनवरी में ब्रिटेन में चैनल फ़ोर पर चलने वाले रियलटी शो सेलिब्रिटी बिग ब्रदर शिल्पा शेट्टी के ख़िलाफ़ कथित तौर पर नस्लवादी बर्ताव को लेकर सुर्खियाँ में आया था.

इस शो में भाग ले रहे तीन अन्य प्रतियोगी जेड गुडी, जो ओ मारा और डेनियल लॉयड पर शिल्पा पर नस्लभेदी टिप्पणी करने के आरोप लगे थे.

हालांकि जेड गुडी ने बाद में शिल्पा से माफ़ी माँग ली थी.

बिग ब्रदर की विजेता होने के बाद शिल्पा ने हाउस ऑफ़ कॉमन्स का दौरा किया था और प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों से भी मुलाक़ात की थी.