http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 09 मार्च, 2007 को 21:26 GMT तक के समाचार

संदिग्ध चरमपंथियों के ख़िलाफ़ सुनवाई

अमरीका ने ग्वांतानामो बे में क़ैद चौदह संदिग्ध चरमपंथियों के ख़िलाफ़ गुप्त सैन्य सुनवाई शुरु कर दी है.

इससे यह तय किया जाएगा कि इन क़ैदियों को दुश्मन लड़ाके घोषित किया जाए या नहीं.

इसी सुनवाई से उनके ख़िलाफ़ सैनिक मुक़दमे चलाने का आधार तय हो सकता है.

इन 14 लोगों में 9/11 की घटना को कथित तौर पर अंजाम देने वाले खालिद शेख मोहम्मद भी शामिल है.

ख़ालिद शेख़ मोहम्मद को मार्च 2003 में पाकिस्तान में गिरफ़्तार किया गया था और अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने उनके बारे में कहा था - "माना जाता है कि इस व्यक्ति ने ग्यारह सितंबर के हमलों की योजना बनाई थी."

अभी सारी सुनवाई बंद कमरे में हो रही है और इसमें बचाव पक्ष की ओर से दलील पेश करने वाला कोई नहीं है.

इन सभी लोगों को पिछले साल सितंबर में ग्वांतानामो बे में स्थानांतरित किया गया था. इससे पहले वे अमीरकी ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए के गुप्त जेलों में क़ैद थे.

संदिग्धों में इंडोनेशियाई नागरिक हम्बाली भी शामिल है जिस पर वर्ष 2002 में बाली में बम धमाके करने का आरोप है.