http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 07 मार्च, 2007 को 07:25 GMT तक के समाचार

इराक़ में शियाओं पर फिर हमला

इराक़ में शिया श्रद्धालुओं पर आत्मघाती हमलों के एक दिन बाद बुधवार को फिर चरमपंथियों ने बग़दाद के दक्षिण में शियाओं को निशाना बनाया है और पाँच लोगों की हत्या कर दी है.

जब शिया श्रद्धालु करबला की ओर जा रहे थे तब राजधानी से 80 किलोमीटर दूर एक बम विस्फोट हुआ.

पुलिस के अनुसार धमाके के तत्काल बाद अज्ञात बंदूकधारी घटनास्थल पर पहुँच गए और श्रद्धालुओं पर गोलीबारी करने लगे.

मंगलवार को हिला नगर में दो आत्मघाती बम धमाकों में सौ से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

हिला नगर में हुए धमाकों से भारी क्षति हुई.

ये शिया श्रद्धालु करबला शहर में होने वाले एक धार्मिक समारोह में हिस्सा लेने के लिए जा रहे थे.

बीबीसी के बग़दाद संवाददाता एड्रयू नॉर्थ का कहना है कि कई पर्यवेक्षकों ने संकेत दिए हैं कि बग़दाद में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की प्रक्रिया में कई शिया लड़ाकों की ताकत घटी है.

उनका कहना है कि इसका सीधा परिणाम ये हुआ है कि वे अब सुन्नी चरमपंथियों से अपने समुदायों की रक्षा करने में असमर्थ हैं.