http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 05 मार्च, 2007 को 03:44 GMT तक के समाचार

नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की सालाना बैठक

चीन के प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ का कहना है कि आने वाले दिनों में चीन में शहरों और गांवों के बीच असमानता को दूर करने के लिए अधिक से अधिक धन खर्च किया जाएगा.

देश की संसद नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए जियाबाओ ने कहा कि देश के शहरों और गांवों के बीच दूरी बढ़ी है जिसे कम करना जरुरी है.

उन्होंने बढ़ते प्रदूषण पर भी चिंता जताई और कहा कि ऐसे कदम उठाए जाएंगे जिससे अधिक ऊर्जा इस्तेमाल न की जाए और प्रदूषण कम से कम किया जा सके.

इस बैठक में क़रीब तीन हज़ार प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं. यह बैठक दो हफ्ते तक चलेगी.

बीबीसी के बीजिंग संवाददाता का कहना है कि चीन की संसद की शक्तियां सांकेतिक हैं लेकिन यह नीतिगत मामलों में एक सलाहकार जैसी भूमिका निभाता है.

नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की बैठक हर साल होती है जिसमें सरकार की नीतियों की पुष्टि की जाती है.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि चीन की सरकार ने पिछले कुछ समय में तेज़ आर्थिक प्रगति की बजाय पर्यावरण और अन्य बातों का ध्यान रखते हुए विकास की नीति पर ज़ोर देना शुरु किया है और प्रधानमंत्री के भाषण में भी इसका ज़िक्र है.

ऐसी उम्मीद की जा रही है इस बैठक में ऐसा क़ानून लाया जा सकता है जिसके तहत पहली बार निजी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी.