शनिवार, 03 मार्च, 2007 को 22:50 GMT तक के समाचार
इराक़ी शहर रमादी में हुए एक आत्मघाती कार बम धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई जिनमें एक पुलिसकर्मी भी था.
सुन्नी विद्रोहियों का गढ़ माने जाने वाले इस शहर में आत्मघाती धमाका एक पुलिस चौकी के पास हुआ.
इस बीच इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने कहा है कि शुक्रवार को 14 पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले 'कायर' हैं और उन्हें बख़्शा नहीं जाएगा. शुक्रवार को इराक़ी शहर बक़ूबा में 14 पुलिसकर्मियों के शव मिले थे.
इन पुलिसकर्मियों के ग़ायब होने के बाद कुछ चरमपंथी गुटों के एक गठबंधन ने धमकी दी थी एक सुन्नी अरब महिला के साथ कथित बलात्कार की घटना के बदले में वे इन पुलिसकर्मियों की हत्या कर देंगे.
लेकिन प्रधानमंत्री मलिकी ने बलात्कार के आरोपों का खंडन किया है. हालाँकि कई सुन्नी राजनेता पुलिसकर्मियों पर मानवाधिकार हनन के गंभीर आरोप लगा चुके हैं.
दावा
दूसरी ओर अमरीकी सेना ने दावा किया है कि उन्होंने राजधानी बग़दाद के उत्तर एक कार्रवाई में कई चरमपंथियों को मार दिया है. अमरीकी सेना ने इन चरमपंथियों को कई अमरीकी हेलिकॉप्टरों को मार गिराने के लिए ज़िम्मेदार बताया.
अमरीकी कार्रवाई बग़दाद के उत्तर में स्थित ताजी शहर के निकट हुई. कार्रवाई के दौरान कथित चरमपंथियों के ठिकानों पर हवाई हमला किया गया.
पिछले छह हफ़्तों के दौरान अमरीकी सेना और प्राइवेट ठेकेदारों की आठ हेलिकॉप्टरों को मार गिराया गया था. जिनमें 28 लोग मारे गए. इनमें से ज़्यादातर घटनाएँ बग़दाद के उत्तर में हुईं.
अमरीकी सेना का कहना है कि एक अन्य कार्रवाई में अल क़ायदा के सात संदिग्ध चरमपंथी मारे गए हैं. अमरीका ने इन्हें कई आत्मघाती हमलों के लिए ज़िम्मेदार ठहराया.