शनिवार, 03 मार्च, 2007 को 09:49 GMT तक के समाचार
अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने घायल अमरीकी सैनिकों के इलाज पर उठे विवाद में हस्तक्षेप किया है और वे एक आयोग का गठन करेंगे जो अफ़ग़ानिस्तान और इराक़ से लौटने वाले सैनिकों की देखरेख करेगा.
विवाद इस विषय पर उठा है कि इराक़ और अफ़ग़ानिस्तान से लौटने वाले घायल अमरीकी सैनिकों के इलाज पर उठा है.
बीबीसी संवाददाता के अनुसार शनिवार को अपने रोडियो भाषण में राष्ट्रपति बुश कहने जा रहे हैं कि जिस तरह कुछ घायल सैनिकों का इलाज हुआ है वह स्वीकार्य नहीं है और इसीलिए एक आयोग का गठन किया जाएगा.
व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर पहले से जारी बुश के भाषण की प्रति में कहा गया है, "ये सैनिक पूरे देश के शुक्रिया के हक़दार हैं और उन्हें देश में उपलब्ध बेहतरीन देखरेख मिलनी चाहिए."
राजधानी वॉशिंगटन के वॉलटर रीड मेडिकल सेंटर में सैनिकों के इलाज से संबंधित बुरी स्थिति और लालफीताशाही के आरोपों के बाद रक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी आर्मी सैक्रेटरी फ़्रैंसिस हार्वे और एक और अधिकारी जनरल जॉर्ज वेटमैन को इस्तीफ़ा देना पड़ा है.
अमरीकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स का कहना था कि उन्हें ये देख काफ़ी निराशा हुई है कि सेना के कुछ अधिकारियों ने इस अस्पताल से संबंधित परेशानियों का समाधान नहीं किया.
अमरीकी समाचार माध्यमों में भी सैनिकों के इलाज से संबंधित रिपोर्टों में काफ़ी आलोचना हुई है.