रविवार, 25 फ़रवरी, 2007 को 12:01 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस का कहना है कि बग़दाद में हुए एक आत्मघाती हमले में कम से कम 40 लोग मारे गए हैं और 30 लोग घायल हुए हैं.
हमलावर ने ख़ुद को कॉलेज ऑफ़ एडमिनीस्ट्रेशन एंड इक्नॉमिक्स के बाहर उड़ा दिया. ये कॉलेज अलमुस्तानसीरियाह विश्वविद्यालय का हिस्सा है. हताहतों में से ज़्यादातर छात्र बताए गए हैं.
संवाददाता के मुताबिक इस विश्वविद्यालय पर शिया मिलिशिया मेहदी सेना का काफ़ी प्रभाव है.
संवाददाताओं का कहना है कि चरमपंथी अक्सर विश्वविद्यालयों को निशाना बनाते रहे हैं.
इससे पहले बग़दाद की कर्रांड़ा ज़िले में हुए कार बम हमले में चार लोग घायल हो गए और एक व्यक्ति की ईरानी दूतावास के पास धमाके में मौत हो गई.
बग़दाद के एक शिया इलाक़े में मोर्टार हमले में दो अन्य लोग घायल हो गए.
एक दिन पहले ही बग़दाद के पास ट्रक बम हमले में 40 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.
इस हमले में कम से कम 60 लोग घायल भी हो गए थे. हमले के कुछ घंटे पहले ही इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने कहा था कि नए सुरक्षा अभियान के चलते जातीय हिंसा में कमी आई है.
नूरी अल मलिकी ने बताया था कि 14 फ़रवरी को शुरू किए गए अभियान के दौरान 426 संदिग्ध चरमपंथियों को पकड़ा गया और लगभग 400 चरमपंथी मारे भी गए हैं.