http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 24 फ़रवरी, 2007 को 17:40 GMT तक के समाचार

बग़दाद में बम विस्फोट, 42 की मौत

इराक़ की राजधानी बग़दाद में हुए एक बम धमाके में कम से कम 42 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य लोग घायल हो गए हैं.

यह धमाका बग़दाद के पश्चिमी हिस्से में स्थित के मस्जिद के बाहर हुआ है.

इराक़ी अधिकारियों ने बताया है कि शनिवार को हुई इस धमाके में कम से कम 42 लोगों की मौत हो गई है और 60 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं.

बताया जा रहा है कि विस्फोट एक ट्रक के पिछले हिस्से में हुआ जो कि मस्जिद के बाहर स्थित था.

हबानिया कस्बे में स्थित इस मस्जिद में जिस वक्त यह धमाका हुआ, उस वक्त लोग मस्जिद से नमाज़ के बाद वापस बाहर निकल रहे थे.

यह धमाका ऐसे समय में हुआ है जब इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने कहा है कि राजधानी बग़दाद में दस दिन पहले शुरू किए गए एक विशेष सुरक्षा अभियान की बदौलत जातीय हिंसा में कमी आई है.

नूरी अल मलिकी ने कहा कि 14 फ़रवरी को शुरू किए गए इस अभियान के दौरान 426 संदिग्ध चरमपंथियों को पकड़ा गया है और लगभग 400 चरमपंथी मारे भी गए हैं.

उधर इस विस्फोट से पहले राजधानी बग़दाद में अलग-अलग हमलों में कम से कम सात लोग मारे गए और 30 से ज़्यादा घायल हो चुके हैं.