शुक्रवार, 23 फ़रवरी, 2007 को 09:45 GMT तक के समाचार
ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा है कि उनका देश 'आख़िरी क्षण तक' अपने परमाणु कार्यक्रम पर कायम रहेगा.
महत्वपूर्ण है कि अहमदीनेजाद का बयान तब आया है जब अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) पुष्टि कर चुकी है कि ईरान ने परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाने की समयसीमा को नज़रअंदाज़ किया है.
उधर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य और जर्मनी सोमवार को लंदन में ईरान के ख़िलाफ़ और कड़े प्रतिबंध लगाने के विषय पर चर्चा करने के लिए बैठक करेंगे.
अहमदीनेजाद का कहना था कि ईरान 'दुश्मन' का सामना करते हुए किसी तरह की कमज़ोरी का परिचय नहीं दे सकता.
ईरान का दावा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम केवल शांतिपूर्ण असैनिक मकसदों के लिए है लेकिन पश्चिमी देश ये नहीं मानते और आरोप लगाते हैं कि ईरान परमाणु हथियार बना रहा है.
अहमदीनेजाद का कहना था कि इससे पहले परमाणु कार्यक्रम के बारे में जो समझौते हुए हैं उनसे पश्चिमी देशों की माँगें और बढ़ी हैं.
उधर सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों और जर्मनी की लंदन में बैठक तब हो रही है जब अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने पुष्टि की है कि ईरान ने परमाणु संवर्द्धन के बारे में संयुक्त राष्ट्र की समयसीमा को नज़रअंदाज़ किया है.
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि दिसंबर 2006 के संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव का उल्लंघन कर ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम का विस्तार कर रहा है.