गुरुवार, 22 फ़रवरी, 2007 को 05:12 GMT तक के समाचार
इराक़ के राष्ट्रपति जलाल तालाबानी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर के इराक़ से 1600 ब्रितानी सैनिकों को वापस बुलाए जाने का स्वागत किया है.
इराक़ी राष्ट्रपति के प्रवक्ता हीवा ओसमान ने कहा कि यह स्वागत योग्य है और इसके बाद इराक़ी सेनाओं को देश की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी लेने के लिए बाध्य होना होगा.
इसके पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर ने घोषणा की थी कि इराक़ में तैनात ब्रितानी सैनिकों की संख्या में कटौती की जाएगी.
टोनी ब्लेयर ने संसद में बताया कि सैनिकों की संख्या में 1600 की कटौती की जाएगी. इराक़ में कुल 7100 ब्रितानी सैनिक तैनात हैं.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 तक इराक़ में ब्रितानी सैनिक रहेंगे ताकि ईरान की साथ लगी सीमा को सुरक्षित बनाया जा सके और इराक़ियों को ज़रुरत पड़ने पर समर्थन दे सकें.
इराक़ के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने ब्रितानी सैनिकों की प्रशंसा की. साथ ही इच्छा जताई कि ब्रितानी सैनिकों की और जल्द वापसी की जानी चाहिए.
ब्रितानी सैनिकों की संख्या में प्रस्तावित कटौती ऐसे समय की गई है जब इराक़ में 21500 और अमरीकी सैनिक भेजे जा रहे हैं.
टोनी ब्लेयर ने कुछ दिन पहले बीबीसी से बातचीत में कहा था कि बसरा में सुरक्षा ज़िम्मेदारी इराक़ियों को देने का ब्रिटेन का अभियान सफल रहा है.
अमरीका में व्हाइट हाउस ने इस बात की पुष्टि की है कि जॉर्ज बुश और टोनी ब्लेयर ने इस योजना के बारे में मंगलवार को बात की थी.
इराक़ में मार्च,2003 के बाद से कुल 132 ब्रितानी सैनिक मारे जा चुके हैं.