शुक्रवार, 16 फ़रवरी, 2007 को 09:52 GMT तक के समाचार
अमरीकी सेना इन ख़बरों की जाँच कर रही है कि इराक़ में अल क़ायदा के कथित नेता अबू अय्यूब अल मसरी घायल हो गए हैं.
कुछ अरब टेलीविज़न चैनलों ने शुक्रवार को ख़बर दिखा है कि बू अय्यूब अल मसरी उर्फ़ अबू हम्ज़ा अल मुहाजिर उत्तरी बग़दाद के किसी हिस्से में लड़ाई के दौरान घायल हो गए हैं.
अमरीकी सेना के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि वे इन ख़बरों की तत्काल रूप से तो कोई पुष्टि नहीं कर सके हैं, न ही इस बात की पुष्टि हो सकी है कि क्या उस लड़ाई में अमरीकी सैनिक शामिल थे.
कहा जाता है कि 2006 में अल क़ायदा के कथित नेता अबू मुसाब अल ज़रक़ावी की मौत के बाद अल मसरी ने इराक़ में अल क़ायदा की कमान संभाली थी.
अल मसरी के बारे में कम ही जानकारी उपलब्ध है. अमरीकी सेना का कहना है कि अल मसरी मिस्र मूल के चरमपंथी हैं जिन्होंने बग़दाद में अपना अड्डा बना रखा है.
कहा जाता है कि अल मसरी ने अफ़ग़ानिस्तान में प्रशिक्षण हासिल किया और बग़दाद में अल क़ायदा का अड्डा स्थापित करने में मुसाब ज़रक़ावी की मदद की थी.
इस्लामी चरमपंथियों की एक वेबसाइट पर 2006 में प्रकाशित किए गए संदेश में कहा गया था कि ज़रक़ावी के बाद इराक़ में अल मसरी अल क़ायदा का नेतृत्व संभालेंगे.
ग़ौरतलब है कि एक हवाई हमले में ज़रक़ावी की मौत हो गई थी.
वेबसाइट के वक्तव्य में कहा गया था कि अल मसरी का जिहाद लड़ने का अतीत रहा है और इराक़ में उन्हें अल क़ायदा का नया नेता सर्वसम्मति से चुना गया था.