रविवार, 11 फ़रवरी, 2007 को 11:36 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस का कहना है कि तिकरित में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे एक वाहन को पुलिस थाने में उड़ा दिया जिससे कम से कम 15 लोग मारे गए.
बग़दाद से करीब 175 किलोमीटर दूर अदवार के पुलिस स्टेशन में हुए इस विस्फोट में करीब 25 लोग घायल भी हुए हैं.
हताहतों में पुलिसकर्मी और नागरिकों के होने की ख़बरें हैं. माना जा रहा है कि अमरीका ऐसे सुबूत जारी करने वाला है जिसमें दिखाया गया है कि ईरान इराक़ में हिंसक गतिविधियों का समर्थन कर रहा है और ये हमला उससे पहले किया गया है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि रविवार को बग़दाद में ईरान के बारे में जानकारी दी जाएगी और इसमें छापों के दौरान पकड़े गए हथियार और विस्फोटकों के बारे में बताया जाएगा.
एक रिपोर्ट में एक पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि पुलिस स्टेशन पर हमले में कम से कम 30 लोग मारे गए हैं जिसमें 21 पुलिस अधिकारी शामिल हैं.
पुलिस अधिकारी कप्तान अब्दुल के हवाले से एपी ने लिखा है कि पुलिस स्टेशन में धमाका स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजे हुआ और उस समय पुलिसकर्मी काम के लिए थाने आ रहे थे.
हमलावर जिस ट्रक में आया उसमें विस्फोटक भरे हुए थे और विस्फोटक चारे से ढके हुए थे. धमाके के बाद पूरी इमारत ढह गई.
इससे पहले शुक्रवार को इराक़ में अमरीकी फ़ौजों के नए कमांडर लेफ़्टिनेट जनरल डेविड पेट्रायूस ने काम संभाला.
उनके सामने राष्ट्रपति जॉर्ज बुश की नई इराक़ नीति को अमल में लाने की चुनौती होगी जिससे कि हिसा रोकी जा सके.