http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 10 फ़रवरी, 2007 को 06:25 GMT तक के समाचार

इराक़ में नए अमरीकी कमांडर

इराक़ में अमरीकी फ़ौजों के नए कमांडर लेफ़्टिनेट जनरल डेविड पेट्रायूस शनिवार से काम संभाल रहे हैं.

उनके सामने राष्ट्रपति जॉर्ज बुश की नई इराक़ नीति को अमल में लाने की चुनौती होगी जिससे कि हिसा रोकी जा सके.

राष्ट्रपति बुश की इस नई योजना में इराक़ में साढ़े इक्कीस हज़ार अतिरिक्त सिपाहियों की तैनाती शामिल है.

इस तरह के संकटों को निपटाने के अनुभवी माने जाने वाले पेट्रायूस ने कहा है, "यह कठिन तो है लेकिन असंभव नहीं है."

इस इराक़ बुरी तरह से हिंसा की चपेट में है और सिर्फ़ इसी साल अब तक सैकड़ों इराक़ी मारे जा चुके हैं.

इराक़ में बड़ा परिवर्तन करते हुए जनरल पेट्रायूस को पिछले साल ही जनरल जॉर्ज केसी के स्थान पर नियुक्त किया गया था.

हालांकि जनरल पेट्रायूस ने राष्ट्रपति बुश की इराक़ में और फ़ौज तैनात करने की योजना का समर्थन किया है लेकिन उन्होंने साथ में चेताया भी है कि इराक़ में काम बेहद कठिन है.

बग़दाद में बीबीसी संवाददाता जेन पील का कहना है कि जनरल पेट्रायूस की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि इराक़ी प्रधानमंत्री नूरी मलिकी का रवैया बदलता है या नहीं.

वैसे मलिकी ने वादा किया है कि जो भी हिंसा के लिए ज़िम्मेदार होगा, वह निशाने पर होगा.

इससे पहले शिया सरकार पर आरोप लगते रहे हैं कि वह शिया लड़ाकों को संरक्षण दे रही है.