http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 09 फ़रवरी, 2007 को 19:19 GMT तक के समाचार

अमरीकी हमले में इराक़ी सैनिक मारे गए

अधिकारियों का कहना है कि उत्तरी इराक़ी शहर मोसुल के एक ठिकाने पर अमरीकी हवाई हमले में आठ इराक़ी सैनिक मारे गए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक हमले में छह इराक़ी सैनिक घायल भी हुए हैं.

अधिकारियों का कहना है कि ये कार्रवाई ग़लती में हुई है जिसमें एक इराक़ी सैन्य ठिकाना निशाना बन गया.

उधर अमरीकी सेना का कहना है कि हमले में पाँच लोग मारे गए. उनके मुताबिक जिस लक्ष्य को ठिकाना बनाया गया वहाँ अल क़ायदा के संदिग्ध चरमपंथी रह रहे थे.

अमरीकी सेना ने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति 'गहरी संवेदना' व्यक्त की है.

अमरीका का कहना है कि उसे एक भवन के निकट हथियारबंद लोग दिखाई दिए जहाँ बम बनाने का काम होता था. इसी के बाद वहाँ हमले किए गए.

अमरीकी सेना के मुताबिक हमले से पहले अरबी और कुर्द भाषा में लोगों को हथियार डालने के लिए कहा गया था.

मारे गए सभी इराक़ी सैनिक कुर्द थे. एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि मारे गए सभी लोग पेशमरगा लड़ाके थे जिन्होंने सद्दाम हुसैन शासन का भी विरोध किया था.

सद्दाम के हटने के बाद इनमें से अधिकतर को सेना में शामिल कर लिया गया.