शुक्रवार, 02 फ़रवरी, 2007 को 10:48 GMT तक के समाचार
जलवायु परिवर्तन पर अपनी चिंताएं ज़ाहिर करने के लिए यूरोप के लोगों ने अनोखा तरीका निकाला और जानी मानी कलाकृतियों की बिजली पांच मिनट के लिए बंद कर दी.
इन कलाकृतियों में पेरिस का एफिल टावर और रोम का जाना माना कोलोसियम भी शामिल था. इसके अलावा यूरोप के कई अन्य स्थानों पर भी पांच मिनट के लिए बिजली बंद कर दी गई.
पेरिस के आसमान को जगमगाने वाले एफिल टावर के 20 हज़ार बल्ब गुरुवार की शाम सात बजकर 55 मिनट पर बंद हो गए, पांच मिनट के लिए.
पेरिस के हिल्टन होटल में जहां बड़ी संख्या में वैज्ञानिक और विभिन्न देशों के अधिकारी बैठकर जलवायु परिवर्तन पर जारी होने वाली रिपोर्ट को अंतिम रुप दे रहे थे वहीं पेरिस के लोगों ने अपनी चिंता ज़ाहिर करने का दूसरा तरीका खोज लिया था.
पेरिस में ही राष्ट्रपति पद के सोशलिस्ट उम्मीदवार सीगोलेन रॉयल की आम सभा में भी लोगों ने बत्ती गुल कर दी और पांच मिनट तक रॉयल अंधेरे में खड़े रहे.
पूर्व में पर्यावरण मंत्री रह चुके रॉयल ने जलवायु परिवर्तन के लिए लोगों की कोशिशों का स्वागत किया और कहा कि अगर वो राष्ट्रपति बने तो पर्यावरण उनके एजेंडे में ऊपर रहेगा.
उधर ब्रसेल्स का एक मार्केट और रोम के कोलोसियम में भी पांच मिनट के लिए बत्तियां बुझा दी गईं थी.
हालांकि कुछ विशेषज्ञों ने इस तरह से पांच मिनट के लिए बत्ती बुझाने का विरोध करते हुए कहा कि बत्ती बुझा कर फिर जलाने से अधिक बिजली खर्च होती है.