http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 31 जनवरी, 2007 को 10:38 GMT तक के समाचार

क्यूबा के टीवी पर कास्त्रो की तस्वीरें

क्यूबा के टेलीविज़न पर पिछले तीन महीनों में पहली बार फ़िदेल कास्त्रो की तस्वीरें दिखाई गई है.

टीवी पर फ़िदेल कास्त्रो को वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज़ के साथ खड़ा हुआ दिखाया गया है. बताया गया है कि ये मुलाक़ात सोमवार को हुई थी.

इन तस्वीरों में फ़िदेल कास्त्रो पहले से कुछ स्वस्थ दिखे.

कास्त्रो की पिछले साल जुलाई में सर्जरी हुई थी और उन्होंने राष्ट्रपति का पद अपने भाई राउल को दे दिया था.

टीवी पर दिखाई गई तस्वीरों में फ़िदेल कास्त्रो को ह्यूगो शावेज़ के साथ जूस पीते हुए और मज़ाक करते हुए दिखाया गया है.

फ़िदेल कास्त्रो शावेज़ से ये कहते हुए सुनाई देते हैं, "जैसा की मैने कहा है कि ये हारी हुई लड़ाई नहीं है."

इसके जवाब में शावेज़ कहते हैं कि ये लड़ाई ज़रूर जीती जाएगी.

दोनों ने अपनी मुलाकात ये कहते हुए ख़त्म की, "हम जीतेंगे. समाजवाद या मौत."

फ़िदेल कास्त्रो की सेहत को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति लगातार उनकी सेहत पर टिप्पणी करते रहे हैं.

पिछले हफ़्ते उन्होंने कास्त्रो का लिखा हुआ एक पत्र दिखाया था और कहा था कि ये दर्शाता है कि क्यूबा के राष्ट्रपति ठीक हो रहे हैं.

फ़िदेल कास्त्रो के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को क्यूबा में गुप्त सूचना माना जा रहा है.

क्यूबा में प्रशासन अमरीकी ख़ुफ़िया अधिकारियों के इस दावे का खंडन करता रहा है कि कास्त्रो को कैंसर है और यही कहता रहा है कि वे स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं.

इससे पहले ह्यूगो शावेज़ ने स्पेन के एक अख़बार में छपी ख़बर को ग़लत बताया था कि तीन विफल ऑपरेशनों के बाद कास्त्रो की हालत में सुधार नहीं हो रहा.