सोमवार, 29 जनवरी, 2007 को 23:10 GMT तक के समाचार
फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास ने घोषणा की है कि वह अपनी प्रतिद्वंद्वी पार्टी फ़तह के साथ युद्धविराम पर सहमत हो गया है.
कई दिनों के संघर्ष के बाद यह घोषणा हुई है. इस संघर्ष में 30 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.
युद्धविराम की घोषणा करते हुए हमास के विदेश मंत्री महमूद ज़हर ने कहा कि युद्धविराम स्थानीय समय के अनुसार सुबह तीन बजे (ग्रीनिचमान समय के अनुसार रात एक बजे) से लागू हो जाएगा.
उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष सड़कों से अपने बंदूकधारियों को हटाने के लिए सहमत हो गए हैं.
दोनों ही पक्ष जगह-जगह सड़कों पर खड़े किए गए अवरोधों को भी हटाएँगे.
हालांकि अभी फ़तह की ओर से कोई टिप्पणी या बयान नहीं आया है लेकिन महमूद ज़हर दोनों पक्षों के बीच हुए बातचीत के बाद ही बोल रहे थे और उस समय वहाँ फ़तह के अधिकारी भी मौजूद थे.
दोनों पक्षों के बीच मिस्र के राजनयिकों ने मध्यस्थता निभाई.
मिस्र पिछले कई दिनों से इस हिंसा को रोकने का प्रयास कर रहा था.
उल्लेखनीय है कि एक साल पहले हमास के सत्ता में आने के बाद से यह अब तक की सबसे ख़ूनी हिंसा कही जा सकती है.