शुक्रवार, 26 जनवरी, 2007 को 23:36 GMT तक के समाचार
फ़लस्तीनी विरोधी गुटों हमास और फ़तह के बीच भीषण हिंसक झड़पें तेज़ हो गई हैं. ताज़ा संघर्ष में अब तक 11 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.
फ़लस्तीनी डॉक्टरों के मुताबिक मृतकों में एक दो साल का बच्चा भी है.
दोनों गुटों के बीच राष्ट्रीय गठबंधन की सरकार बनाने की हफ़्तों से कोशिश चल रही थी और इस दौरान कुछ शांति भी कायम हुई थी लेकिन अचानक तेज़ हुई हिंसा से इन प्रयासों को झटका लगा है.
फ़तह ने फिलहाल हमास के साथ बातचीत रोकने का फ़ैसला किया है. हमास के नेतृत्व वाली सरकार और फ़लस्तीनी प्रशासन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास की फ़तह पार्टी के बीच सत्ता संघर्ष चल रहा है जिसमें अब तक 40 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.
गोलीबारी
गज़ा स्थित बीबीसी संवाददाता एलन जॉन्सटन का कहना है कि मिस्र के राजनयिक खूनी संघर्ष को ख़त्म करने की भरसक कोशिश कर रहे हैं.
रात ढलते ढलते इस तरह की ख़बरें आईं कि दोनों गुटों ने अपने अपने समर्थकों को हिंसा रोकने को कहा है.
लेकिन दोनों गुट एक दूसरे पर समझौता तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं और संवाददाता के मुताबिक झड़पें अभी भी जारी हैं.
जबालिया राहत शिविर के निकट सबसे तेज़ झड़प हुई है जहाँ हमास के बंदूकधारियों ने फ़तह गुट के एक स्थानीय नेता को बंधक बना लिया.
बंदूकधारी नेता के घर में घुसे और वहाँ हुई गोलीबारी में दो लोग मारे गए.
महमूद अब्बास और हमास सरकार में विदेश मंत्री महमूद ज़हर के घर के बाहर भी दोनों गुटों में संघर्ष हुआ है.