शुक्रवार, 26 जनवरी, 2007 को 10:58 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस का कहना है कि राजधानी बग़दाद के एक भीड़ भरे बाज़ार में हुए बम धमाके में कम से कम 15 लोग मारे गए हैं और 35 अन्य घायल हो गए हैं.
ये धमाका बग़दाद के जाने-माने ग़ाजिल बाज़ार में हुआ और हताहत होने वाले सभी लोग आम नागरिक थे.
इस बाज़ार में शुक्रवार को पालतू जानवरों की मंडी लगती है.
हाल के दिनों में इराक़ी शहरों को बाज़ारों में धमाकों की घटनाएँ काफ़ी बढ़ गई हैं.
अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को बग़दाद के केंद्रीय बाज़ार में हुए एक भीषण धमाके में 30 लोग मारे गए थे और अनेक घायल हो गए थे.
समाचार एजेंसियों के अनुसार एक व्यक्ति ने अंडों का बक्सा उठा रखा था जिसे वह बाज़ार में छोड़कर चला गया.
ये घटनाएँ तब हो रही हैं जब अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश की इराक़ में अतिरिक्त सैनिक भेजने की नीति के तहत हज़ारों अमरीकी सैनिक बग़दाद पहुँचने शुरु हो गए हैं.
उधर इराक़ी प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने सुरक्षा अभियानों में तेज़ी लाने के लिए संसद में समर्थन पा लिया है और अमरीका का कहना है कि बड़े सुरक्षा अभियान शुरु कर दिए गए हैं.