गुरुवार, 25 जनवरी, 2007 को 15:34 GMT तक के समाचार
इसराइली प्रधानमंत्री एहूद ओलमर्ट ने राष्ट्रपति मोशे कत्साव का आहवान किया है कि अपने ऊपर लगे बलात्कार और सत्ता के दुरुपयोग जैसे आरोपों के देखते हुए ख़ुद ही इस्तीफ़ा दे दें.
एहूद ओलमर्ट ने उत्तरी शहर हरज़ीलियाह में कहा कि राष्ट्रपति मोशे कत्साव को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए.
ओलमर्ट ने कहा, "ऐसा हालात में मेरे दिमाग़ में कोई शक नहीं है कि राष्ट्रपति अपनी ज़िम्मेदारियाँ निभाना जारी नहीं रख सकते इसलिए उन्हें राष्ट्रपति का निवास छोड़ देना चाहिए."
ओलमर्ट ने यह अनुरोध राष्ट्रपति के उस बयान के बाद किया है जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों का ज़ोरदार खंडन किया था.
कत्साव ने यह भी कहा था कि अगर उनके ख़िलाफ़ आरोप औपचारिक रूप से तय कर दिए जाएँ तो वे अपने पद से हट जाएंगे.
कत्साव ने बुधवार को बुलाए एक पत्रकार सम्मेलन में कहा था कि वह अपने ऊपर लगे आरोपों से अपना नाम साफ़ कराने के लिए यथाशक्ति लड़ेंगे चाहे उन्हें "विश्व युद्ध के पैमाने पर लड़ाई" क्यों नहीं करनी पड़े.
मोशे कत्साव ने संसद के स्पीकर से अस्थाई छुट्टियाँ देने की माँग की है ताकि वह अपने ऊपर लगे आरोपों का सामना कर सकें.
राष्ट्रपति मोशे कत्साव पर अभी औपचारिक रूप से आरोप निर्धारित नहीं किए गए हैं लेकिन उन पर अनेक मंत्रियों और सांसदों की तरफ़ से इस्तीफ़ा देने के लिए दबाव पड़ रहा है.
राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ कोई आरोप तभी लगाए जा सकते हैं जब उनके वकीलों और अभियोजकों के बीच एक सुनवाई बैठक हो जाए और इस तरह की सुनवाई बैठक आयोजित करने में कई सप्ताह का समय लग सकता है.