http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 20 जनवरी, 2007 को 20:20 GMT तक के समाचार

इराक़ में 18 अमरीकी सैनिक मारे गए

इराक़ में अमरीकी सेना का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से 13 जवान मारे गए हैं. उधर करबला में विद्रोहियों के हमले में पाँच अमरीकी सैनिक मारे गए.

पिछले कुछ महीनों में किसी एक दिन अमरीकी सैनिकों के मारे जाने की यह सर्वाधिक संख्या है.

हालाँकि सेना ने हेलिकॉप्टर दुर्घटना का कारण नहीं बताया है. इस घटना की जाँच की जा रही है.

इराक़ी पुलिस के मुताबिक यह घटना बक़ूबा शहर के दक्षिण में हुई. पूर्ववर्ती बाथ पार्टी से संबंधित वेबसाइट जैश अल मुजाहिदीन ने दावा किया है कि इस्लामी चरमपंथियों ने हेलिकॉप्टर को मार गिराया है. हालाँकि इस दावे की पुष्टि नहीं हो पाई है.

हताहत

सेना के बयान में कहा गया है,"एक अमरीकी हेलिकॉप्टर दोपहर के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया. गठबंधन देशों के सुरक्षा बलों ने तत्परता से कार्रवाई की लेकिन उस पर सवार सभी 13 लोग मारे गए."

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इराक़ में अमरीकी हेलिकॉप्टर पहले भी दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं लेकिन इतनी क्षति कभी नहीं हुई.

इस बीच करबला में अमरीकी सैनिकों पर हुए हमले में पाँच जवान मारे गए. यहाँ एक के बाद एक कई धमाक हुए हैं.