बुधवार, 17 जनवरी, 2007 को 22:12 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन के वित्त मंत्री गॉर्डन ब्राउन ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्यता के लिए ब्रिटेन भारत का समर्थन करता है.
गॉर्डन ब्राउन भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर हैं और वे टोनी ब्लेयर के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं.
बैंगलोर में कंफ़ेडरेशन ऑफ़ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के एक सम्मेलन में उन्होंने कहा कि यह समय आ गया है जब दुनिया में हो रहे बदलाव को स्वीकार किया जाए.
उन्होंने कहा कि विश्व समुदाय को संयुक्त राष्ट्र के आधुनिकीकरण पर ध्यान देना चाहिए.
गॉर्डन ब्राउन ने कहा, "मैं कहना चाहता हूँ कि ब्रिटेन एक बड़े सुरक्षा परिषद में और लोगों के साथ भारत की स्थाई सदस्यता का समर्थक है."
संयुक्त राष्ट्र की शांति सेना में तीसरा बड़ा योगदान देने वाला देश होने के लिए भारत की सराहना करते हुए वित्तमंत्री ब्राउन ने कहा कि दूसरे देशों को भी नैटो में सहायता देनी चाहिए.
गॉर्डन ब्राउन बैंगलोर के बाद मुंबई और दिल्ली की भी यात्रा करेंगे.