सोमवार, 15 जनवरी, 2007 को 22:55 GMT तक के समाचार
फ़लस्तीनी गुट फ़तह ने सत्ताधारी गुट हमास पर आरोप लगाया है कि उसने महमूद अब्बास सहित उनके कई नेताओं को मारने का षडयंत्र रचा था.
राष्ट्रपति महमूद अब्बास के गुट फ़तह के प्रवक्ता ने कहा है कि गज़ा में मिले बारूदी सुरंगों के निशाने पर कई वरिष्ठ फ़तह नेता थे.
उनका कहना है कि ये बारूदी सुरंग हमास ने बिछाईं थीं.
लेकिन हमास ने इन आरोपों का खंडन किया है.
यह आरोप-प्रत्यारोप ऐसे समय में हो रहा है जब दोनों फ़लस्तीनी गुटों में सत्ता को लेकर संघर्ष चल रहा है.
पिछले कुछ हफ़्तों के संघर्ष में कम से कम 30 लोग मारे गए हैं.
अब्बास के रास्ते में
फ़तह के प्रवक्ता आब्देल हाकिम अवाद का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में पाँच बारूदी सुरंगों का पता चला है.
उनका कहना है कि कुछ बारूदी सुरंगें मस्जिदों के नीचे से शुरु होकर जबालिया शरणार्थी कैंप में एक वरिष्ठ फ़तह नेता के घर तक बिछाई गईं थीं.
एक और सुरंग उस सड़क के नीचे पाई गई जिसका उपयोग राष्ट्रपति महमूद अब्बास करते हैं.
लेकिन हमास ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि उन्होंने कोई षडयंत्र नहीं रचा.
हमास के प्रवक्ता ने कहा है कि फ़तह जानबूझ कर गज़ा के माहौल में और कड़वाहट घोलने की कोशिश कर रहा है.