http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 13 जनवरी, 2007 को 05:33 GMT तक के समाचार

जापान में सूनामी चेतावनी कम की गई

प्रशांत महासागर के पश्चिमोत्तर हिस्से में आए भूकंप के बाद जापान के अधिकारियों ने सूनामी की चेतावनी जारी कर दी थी. लेकिन अब इसे कम कर दिया गया है

प्रशांत महासागर में आए भूकंप के कारण जापान के पूर्वोत्तर तटीय इलाक़ों में हल्की समुद्री लहरें उठी थी. लेकिन फ़िलहाल स्थिति ठीक है लेकिन नागरिकों को सचेत रहने को कहा गया है.

आँकड़ों के मुताबिक़ भूकंप की तीव्रता 7.7 से 8.3 आँकी गई लेकिन कहीं से जानमाल के नुक़सान की ख़बर नहीं है.

जापान के उत्तरी सिरे पर स्थित होक्कायडो द्वीप पर तेज़ सूनामी आने की चेतावनी दी गई थी, जबकि होंशू द्वीप के लिए इससे कम तीव्रता का सूनामी आने की चेतावनी जारी की गई थी.

अधिकारियों ने तीन फीट ऊँची लहरें उठने की आशंका जताई थी. जापान के मौसम विभाग के मुताबिक़ भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह लगभग साढ़े नौ बज कर 50 मिनट पर आया.

अमरीकी मौसम विभाग ने भूकंप की पुष्टि की है लेकिन उसने इसकी तीव्रता 7.7 बताई है.

अमरीका स्थित पैसिफ़िक सूनामी वार्निंग सेंटर ने रूस, जापान और मार्कस द्वीप के लिए सूनामी की चेतावनी जारी की थी.