शुक्रवार, 12 जनवरी, 2007 को 01:39 GMT तक के समाचार
अमरीका की राष्ट्रीय गुप्तचर व्यवस्था के निदेशक जॉन नेग्रोपॉंटे का कहना है कि अल क़ायदा के नेताओं को पाकिस्तान में छिपने के सुरक्षित स्थान मिल गए हैं जहाँ से वे अपनी ताकत बढ़ा रहे हैं.
जॉन नेग्रोपॉंटे ने राजधानी वाशिंगटन में अमरीकी सीनेट की एक समिति के समक्ष बयान देते हुए ऐसा कहा है.
उनका कहना था कि अल क़ायदा पाकिस्तान में सुरक्षित स्थानों से मध्य पूर्व, उत्तरी अफ़्रीका और यूरोप में अपनी शक्ति बढ़ाने के काम में जुटा हुआ है.
उनका कहना था कि अल क़ायदा अपनी मार करने की क्षमता बढ़ा रहा है और पाकिस्तान से बाहर अपने रिश्ते मज़बूत कर रहा है.
जॉन नेग्रोपॉंटे ने अपने बयान में कहा कि अल क़ायदा अब भी ऐसा चरमपंथी संगठन है जिससे अमरीकी हितों को सबसे ज़्यादा ख़तरा है.
अमरीकी सुरक्षा गुप्तचर एजेंसी के अध्यक्ष लेफ़्टिनेंट जनरल माइकल मेपल्स का कहना था कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से साथ सटा हुआ पाकिस्तान का इलाक़ा अब भी अल क़ायदा और अन्य चरमपंथियों का सुरक्षित अड्डा है.