शुक्रवार, 12 जनवरी, 2007 को 06:14 GMT तक के समाचार
ग्रीस की राजधानी एथेंस में अमरीकी दूतावास पर हमला हुआ है. विस्फोट से दूतावास परिसर को क्षति पहुँची है.
पुलिस का कहना है कि इस तरह के संकेत हैं कि अति सुरक्षित अमरीकी दूतावास पर रॉकेट से हमला किया गया है. पूरे इलाक़े को सील कर दिया है.
पुलिस के मुताबिक हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट के बाद आग की लपटें उठीं. शहर के बीचोबीच स्थित दूतावास पर दमकल की गाड़ियाँ पहुँच गई हैं.
टेलीविज़न प्रसारण में दिखाया गया है कि कई आपात गाड़ियाँ घटनास्थल पर खड़ी हैं और यातायात रुका हुआ है.
ये हमला भारतीय समयानुसार लगभग सुबह साढ़े नौ बजे हुआ. एथेंस स्थित बीबीसी संवाददाता का कहना है कि कट्टरपंथी संगठन अक़्सर अमरीकी दूतावास को लक्ष्य बनाने की कोशिश करते रहते हैं.
दूतावास के एक कर्मचारी ने रॉयटर्स को बताया कि ग्रीस की आतंकवाद निरोधी पुलिस घटनास्थल पर जाँच कर रही है.
ख़बरों के मुताबिक विस्फोट इतना ज़बर्दस्त था कि आस-पास के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए.