मंगलवार, 09 जनवरी, 2007 को 03:05 GMT तक के समाचार
अमरीका में न्यूयॉर्क की एक अदालत ने एक भूमिगत रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने का कथित षडयंत्र रचने के आरोप में एक पाकिस्तानी युवक को 30 साल की सज़ा सुनाई है.
शाहवर मतीन सिराज़ नाम के इस पाकिस्तानी नागरिक को पिछले साल मैनहट्टन भूमिगत रेलवे स्टेशन को उड़ाने के षडयंत्र का दोषी पाया गया था.
हालांकि न तो इस बात के कोई सबूत मिले कि उन्होंने विस्फोटक हासिल किए थे और न यह कि उनका संबंध किसी चरमपंथी संगठन से था.
सिराज़ के वकीलों का कहना है कि वह एक 24 साल का भटका हुआ युवक है जो पुलिस मुख़बिर के बिछाए गए एक जाल में फँस गया और वह कोई 'आतंकवादी' नहीं है.
लेकिन अभियोजन पक्ष के वकीलों का कहना था कि सिराज़ एक ऐसे षडयंत्र का मुखिया था जिस पर अमल किया जा सकता था, लेकिन वह पकड़ लिया गया.
हालांकि सिराज़ ने माना था कि उन्होंने रेलवे स्टेशन पर हमले के लिए आरंभिक सर्वेक्षण किया था. जिसमें बम रखने की जगह की पहचान आदि शामिल था.
सज़ा पूरी होने के बाद शिराज़ को पाकिस्तान वापस भेज दिया जाएगा.