http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 30 दिसंबर, 2006 को 18:19 GMT तक के समाचार

मैड्रिड हवाई अड्डे पर एटा का हमला

अलगाववादी संगठन एटा ने स्पेन के शहर मैड्रिड के हवाई अड्डे पर बम हमला किया है. इस विस्फोट में चार लोग घायल हो गए हैं.

यह विस्फोट मैड्रिड के बरजास हवाई अड्डे के टर्मिल चार के निकट के कार पार्क में हुआ.

विस्फोट के बाद हवाई अड्डे पर अफरातफरी फैल गई और थोड़ी देर के लिए उड़ानें बाधित रहीं.

स्पेन के गृहमंत्री अल्फ़रडो परेज़ रुबलकाबा ने कहा," यह हमला नौ महीने के अहिंसक दौर के खात्मे का प्रमाण है".

अधिकारियों का कहना है कि एटा ने फ़ोन करके इस घटना की ज़िम्मेदारी ली लेकिन स्पेन सरकार ने अलगाव वादियों के साथ शांति वार्ता तोड़ी नहीं है.

देश के उत्तरी इलाक़े में स्वतंत्र राज्य बनाने को लेकर चार दशक की हिंसा के बाद मार्च में संघर्ष विराम की घोषणा की गई थी.

स्पेन के गृहमंत्री अल्फ़रडो परेज़ रुबलकाबा ने कहा "मैं इस बात को दोहराता हूँ कि यह हमला संघर्ष विराम की अवहेलना है".
उन्होंने कहा की इस मामले में प्रधानमंत्री जोस लुइस ज़ापाटेरो कुछ खास क़दम की घोषणा कर सकते हैं.

मार्च में एटा ने हिंसक आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की थी. इस दौरान आठ सौ से ज़्यादा लोग मारे गए थे.