http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 25 दिसंबर, 2006 को 16:30 GMT तक के समाचार

बग़दाद में आत्मघाती हमला, दस मारे गए

इराक़ की राजधानी बग़दाद में हुए एक कार बम धमाके में कम से कम 10 लोग मारे गए हैं और 15 अन्य घायल हो गए हैं.

पुलिस के मुताबिक़ कार बम धमाका राजधानी बग़दाद राजधानी बग़दाद के अति व्यस्त इलाक़े जदिदा में हुआ.

राजधानी बग़दाद के पूर्व में स्थित यह शिया बहुल इलाक़ा है. धमाका स्थानीय समय के मुताबिक़ शाम साढ़े तीन बजे हुआ.

बग़दाद में ही एक अन्य आत्मघाती धमाके में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हुए. आत्मघाती हमलावर ने एक मिनी बस को निशाना बनाया.

हाल की में आई एक अमरीकी रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा इराक़ी सरकार के सत्ता में आने के बाद से इस समय आम नागरिकों और सैनिकों पर हमले सबसे ज़्यादा हो रहे हैं.

बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि प्रतिदिन औसतन 100 लोग मारे जा रहे हैं. इनमें से कई जातीय हिंसा का शिकार हो रहे हैं.

रविवार को ही एक आत्मघाती बम धमाके में सात पुलिसकर्मी मारे गए. जबकि शनिवार को छह अमरीकी सैनिक भी हमलों में मारे गए.

बसरा में कार्रवाई

दूसरी ओर सोमवार को ब्रितानी और इराक़ी सैनिकों ने बसरा शहर में एक पुलिस स्टेशन पर हमला करके उसे नष्ट कर दिया.

सेना का कहना है कि यह पुलिस स्टेशन विवादित पुलिस अधिकारी चला रहे थे, जो अपराध शाखा से जुड़े हुए थे.

ब्रितानी सेना के प्रवक्ता ने बताया है कि जमाएत पुलिस स्टेशन से 127 क़ैदियों को छुड़ा लिया गया है. सेना को ख़ुफ़िया जानकारी मिली थी कि इन क़ैदियों को फाँसी दिए जाने की योजना है.

इस कार्रवाई में एक हज़ार से ज़्यादा सैनिकों ने हिस्सा लिया. कार्रवाई के दौरान सेना के हेलिकॉप्टर भी पुलिस स्टेशन के ऊपर मँडरा रहे थे.

ब्रितानी सेना का दावा है कि छुड़ाए गए क़ैदियों को काफ़ी प्रताड़ित किया गया था और कुछ तो इतनी बुरी तरह घायल थे, जो चल भी नहीं पा रहे थे.

सेना का ये भी कहना है कि गंभीर अपराध शाखा के पुलिस अधिकारी अपराध रोकने की बजाए अपराध में शामिल थे. उन्होंने जमाएत पुलिस स्टेशन को अपराधियों का अड्डा बताया.