http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 25 दिसंबर, 2006 को 00:28 GMT तक के समाचार

'परमाणु एजेंसी से सहयोग पर पुनर्विचार'

ईरान की संसद मजलिस ने ईरान पर लगाए गए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंधों को अन्यायपूर्ण और अवैध बताया है. ये प्रतिबंध ईरान के परमाणु कार्यक्रम के संदर्भ में लगाए गए हैं.

भारी बहुमत से ईरान के सांसदों ने एक विधेयक पारित किया है जिसके तहत सरकार को आदेश दिया गया है कि वह अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के साथ अपने सहयोग पर पुनर्विचार करे.

सुरक्षा परिषद ने ईरान पर प्रतिबंध लगाए

ईरानी राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद पहले ही सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव को ख़ारिज कर चुके हैं और उन्होंने कहा है कि पश्चिमी देशों को परमाणु सशक्त ईरान की आदत डालनी होगी.

हालाँकि ईरान बार-बार कहता आया है कि उसका परमाणु कार्यक्रम केवल शांतिपूर्ण मकसदों के लिए ही है.

राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने अपनी टिप्पणी में ईरान पर प्रतिबंध लगाने वाले सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव को 'रद्दी का टुकड़ा' तक कहा था.

ईरान ने फ़ैसला अन्यायपूर्ण बताया

उन्होंने ये भी कहा था कि संयुक्त राष्ट्र का क़दम ईरान को डराने के लिए उठाया गया है.

ईरान ने अपने ऊपर लगाए गए प्रतिबंधों के जवाब में पहले ही कहा है कि वह अब जल्दी ही नतांज़ परमाणु संयंत्र में यूरेनियम संवर्धन शुरू कर देगा.

महत्वपूर्ण है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अपने प्रस्ताव में ईरान से माँग की थी कि वह अपना यूरेनियम संवर्द्धन का कार्यक्रम बंद करे और परमाणु अप्रसार के बारे में अपनी ज़िम्मेदारियाँ निभाए.