बुधवार, 20 दिसंबर, 2006 को 00:20 GMT तक के समाचार
राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने संकेत दिए हैं कि इराक़ और अफ़ग़ानिस्तान में अपनी प्रतिबद्धताओं के चलते वे अमरीकी सेना के आकार में बढ़ोत्तरी पर विचार कर रहे हैं.
वॉशिंगटन पोस्ट के अनुसार राष्ट्रपति ने अख़बार को दिए गए एक साक्षात्कार में यह बात कही है.
अख़बार का कहना है कि राष्ट्रपति बुश ने अपने नए रक्षामंत्री रॉबर्ट गेट्स से कहा है कि थलसेना का आकार बढ़ाने की योजना बनाकर उनके सामने पेश किया जाए.
हालांकि अभी इस बारे में कोई संकेत नहीं दिए गए हैं कि सेना का आकार कितना बढ़ाया जाएगा और क्या नई भर्ती के लोगों की तैनाती इराक़ में होगी.
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में सेना के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने इराक़ और अफ़ग़ानिस्तान में चल रही हिंसा को सहन करने की अमरीकी सिपाहियों की क्षमता पर सवाल उठाए हैं.
अमरीकी राष्ट्रपति इस समय इराक़ के लिए नई रणनीति पर विचार कर रहे हैं और इसमें इराक़ में सैनिकों की संख्या में थोड़े समय के लिए बढ़ोत्तरी भी शामिल है.
वैसे राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने अभी इस रणनीति पर अब तक कोई फ़ैसला नहीं किया है.