http://www.bbcchindi.com

रविवार, 17 दिसंबर, 2006 को 20:45 GMT तक के समाचार

अमरीकी चर्च समलैंगिकता पर बँटे

अमरीका में दो एंग्लिकन चर्च संगठनों ने एक समलैंगिक शख्स को बिशप बनाए जाने के फ़ैसले पर अपने आपको चर्चों के संगठन एपीस्कोपल चर्च से अलग करने का फ़ैसला किया है.

ट्रूरो चर्च और फाल्स चर्च ने अपने आपको नाइजीरिया के एंग्लिकन ऑर्कबिशप पीटर अकिनोला से संबंद्ध करने का निर्णय लिया.

ऑर्कबिशप पीटर अकिनोला ने दुनियाभर में एंग्लिकन चर्चों को एपीस्कोपल चर्चों से अलग होने के लिए कहा था.

ऑर्कबिशप पीटर अकिनोला समलैंगिक पादरी नियुक्त किए जाने के कड़े विरोधी माने जाते हैं.

ट्रूरो और फाल्स चर्च अमरीका के दो सबसे पुराने चर्च संगठन है. किसी वक्त में ये चर्च ऑफ़ इंग्लैंड के अधीन थे.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इस बंटवारे से विवाद और बढ़ेगा और संपत्ति को लेकर मुक़दमेबाजी भी हो सकती है जो वर्षों तक चल सकती है.

विवाद की वजह

इसके पहले अमरीका के एपीस्कोपल चर्चों ने समलैंगिक पादरियों की नियुक्ति रोकने की दुनिया भर के एंग्लिकन चर्चों की अपील को ठुकरा दिया था.

सन् 2003 में समलैंगिक पादरी जीन रॉबिन्सन की नियुक्ति से रूढ़िवादी एंग्लिकन नाराज़ हैं.

यह विवाद उदारवादी और कट्टरपंथी ईसाई नेताओं के बीच एक तीखी बहस का केंद्र बन गया है.

समलैंगिक पादरियों की नियुक्ति के सवाल पर अफ़्रीका और एशिया के कई रुढ़िवादी एंग्लिकन चर्चों ने अमरीकी चर्चों से नाता तोड़ लिया है.

वे जीन रॉबिन्सन की नियुक्ति से नाराज़ हैं. जीन रॉबिन्सन पिछले 15 वर्षों से अपने पुरुष साथी के साथ रह रहे हैं.

यहाँ तक कि उनकी नियुक्ति को लेकर मतदान किया गया था जिसमें विभिन्न बिशपों ने उनकी नियुक्ति के पक्ष में मतदान किया था.

जीन रॉबिन्सन पर समलैंगिक संबंध रखने और सेक्स संबंधी अनुचित आचरण के भी आरोप लगे थे. लेकिन उन्हें इनसे मुक्त कर दिया गया था.