http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 15 दिसंबर, 2006 को 21:45 GMT तक के समाचार

चूहों ने विमान में मचाया हड़कंप

सऊदी अरब के एक विमान में उस समय अफ़रातफ़री मच गई जब उन्होंने वहाँ दर्जनों चूहों को भागते पाया.

एक स्थानीय अख़बार के अनुसार इस विमान में लगभग 100 यात्री सवार थे और विमान में चूहे ले जा रहे एक शख्स के बैग से निकलने में वे कामयाब हो गए.

अख़बार का कहना है कि चूहे भी एक दो नहीं लगभग 80 थे और वे विमान में सब तरफ़ भागने लगे.

एयरलाइंस के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि उस समय विमान 28 हज़ार फीट की ऊंचाई पर था.

सऊदी अरब के अख़बार अल हयात का कहना है कि आलम यह था कि कुछ चूहे तो यात्रियों के सिर पर जा गिरे.

सऊदी अरब एयरलाइन की यह उड़ान राजधानी रियाद से उत्तर पूर्वी शहर ताबुक जा रही थी.

हालांकि विमान को सुरक्षित उतार लिया गया और चूहोंवाले बैग के मालिक को हिरासत में ले लिया गया है.

अब इस बात की जाँच की जा रही है कि वो कैसे चूहे विमान में ले जाने में सफल हुआ.

हालांकि अभी तक इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि चूहे कैसे विमान में पहुँचे.