गुरुवार, 14 दिसंबर, 2006 को 11:21 GMT तक के समाचार
इराक़ में पुलिस का कहना है कि पुलिस की वर्दी पहन कर आए कुछ बंदूकधारियों ने मध्य बग़दाद में कई लोगों को अगवा कर लिया है.
रिपोर्टों के मुताबिक पूर्वी बग़दाद के सनाक इलाक़े के व्यापारिक केंद्र से 20 से 30 लोगों का अपहरण किया गया.
सनाक में शिया और सुन्नी दोनों समुदायों के लोगों की दुकाने हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि राष्ट्रीय पुलिस की वर्दी पहने कुछ लोग दस वाहनों में आए जिसके बाद गोलियों की आवाज़ सुनाई थी.
वाहनों पर वैसा ही रंग किया गया था जैसा की सरकारी वाहनों पर होता है.
बंदूकधारियों ने लोगों से ज़मीन पर बैठने के लिए कहा और कई लोगों को अपने साथ ले गए. इनमें कई दुकानदार और आस-पास से गुज़र रहे लोग भी शामिल थे.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि बग़दाद में अपहरण होते रहे हैं लेकिन इस तरह बड़े स्तर पर अपहरण होना अब आम बात होती जा रही है.
नवंबर में उच्च शिक्षा मंत्रालय से कई कर्मचारियों और वहाँ आए लोगों का अपहरण कर लिया गया था लेकिन अब तक ये स्पष्ट नहीं है कि उनका क्या हुआ.
अगवा किए गए ज़्यादातर लोगों को प्रताड़ना दी जाती है या फिर उनकी हत्या कर दी जाती है.
संवाददाता का कहना है कि लगभग रोज़ाना बग़दाद में लोगों के शव बरामद होते हैं.
इराक़ में हिंसा पिछले कई महीनों से लगातार बढ़ती जा रही है.
इराक़ में मंगलवार को बग़दाद में आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें कम से कम 70 लोग मारे गए थे और करीब 230 लोग घायल हुए थे.
इराक़ में जातीय हिंसा की घटनाओं में भी बढ़ोत्तरी हुई है.2003 में इराक़ पर हमले के बाद से पिछले महीने वहाँ जातीय हिंसा की सबसे ज़्यादा घटनाएँ हुईं.
एपी के मुताबिक सोमवार को ही बग़दाद और उत्तरी इराक़ में 66 लोग मारे गए या मृतकों के शव बरामद किए गए.