गुरुवार, 14 दिसंबर, 2006 को 15:46 GMT तक के समाचार
इसराइली अधिकारियों ने मिस्र से लगी सीमा के पास एक नाके को बंद कर दिया है ताकि फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माइल हानिया ईरान से ग़ज़ा वापस न लौट सकें.
माना जा रहा है कि इस्माइल हानिया अपने साथ ईरान से लाखों डॉलर लेकर आ रहे हैं.
इसराइली रक्षा मंत्री आमिर पेरेट्ज़ ने यूरोपीय संघ अधिकारियों से कहा है कि रफ़ाह चौकी बंद कर दी जाए.
इसराइल का कहना है कि इस्माइल हानिया को ग़ज़ा में तभी आने दिया जाएगा अगर वो लाखों डॉलर की धनराशि मिस्र में ही छोड़ दें.
वहीं हमास के कार्यकर्ता इस बात से काफ़ी नाराज़ हैं कि इस्माइल हानिया वापस नहीं लौट सकते. उन्होंने सुरक्षा बलों से झड़प भी की है.
एपी समाचार एजेंसी के मुताबिक चौकी पर तैनात फ़लस्तीनी प्रेसिडेंशियल गार्ड ने हमास कार्यकर्ताओं पर गोलीबारी की.
इस वर्ष चुनाव में हमास की जीत के बाद से ही कई पश्चिमी देशों ने हमास की नेतृत्व वाली सरकार का बहिष्कार किया हुआ है.
कई देशों ने आर्थिक प्रतिबंध भी लगा रखे हैं लेकिन हमास के कई अधिकारी लाखों डॉलर की धनराशि दूसरे देशों से फ़लस्तीनी क्षेत्रों में लाते रहे हैं.
इसराइल का कहना है कि ये धनराशि उसके ख़िलाफ़ चरमपंथी अभियान चलाए जाने में इस्तेमाल होती है.