बुधवार, 13 दिसंबर, 2006 को 10:27 GMT तक के समाचार
फ़लस्तीनी चरमपंथी गुट हमास के एक सदस्य बसम अल फ़ारा की ग़ज़ा पट्टी में हत्या कर दी गई है.
बसम अल फ़ारा एक जज थे. रिपोर्टों के मुताबिक उनकी हत्या खान यूनिस कस्बे में एक अदालत के बाहर की गई.
हमास की हथियारबंद इकाई का कहना है कि ये हत्या फ़तह पार्टी के बंदूकधारियों ने की है. लेकिन फ़तह ने इस आरोप के बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
पिछले कई दिनों से हमास और फ़तह के बीच तनाव का माहौल रहा है.
ग़ज़ा में हिंसा
कुछ दिन पहले फ़तह से जुड़े एक सुरक्षा अधिकारी बाहा बलूशेह की कार पर हमला किया गया था.
सुरक्षा अधिकारी तो कार में सवार नहीं थे लेकिन उनके तीन बच्चे कार में बैठे थे और हमले में तीनों की मौत हो गई थीं.
बच्चों की उम्र छह से 10 साल के बीच थी.
इसके बाद से फ़तह पार्टी के कई लोग हमास पर आरोप लगा चुके हैं कि हमला में उसका हाथ था लेकिन हमास ने इससे इनकार किया है.
फ़तह पार्टी से जुड़े फ़लस्तीनी सुरक्षा अधिकारी बाहा बलूशेह ने 10 साल पहले हमास आंदोलन के ख़िलाफ़ कार्रवाई का नेतृत्व किया था. लेकिन अब हमास सत्ता में है.
फ़तह और हमास सरकार के बीच तनाव के कारण ग़ज़ा में गोलीबारी होती रहती है और कई लोग भी मारे जाते हैं.
कुछ दिन पहले ही ग़ज़ा में आंतरिक सुरक्षा मामलों के मंत्री सईद सईम के काफ़िले पर गोलीबारी हुई थी लेकिन सईम को कोई नुक़सान नहीं पहुँचा था.