मंगलवार, 12 दिसंबर, 2006 को 12:24 GMT तक के समाचार
प्रतिद्वंद्वी फ़लस्तीनी गुटों फ़तह और हमास के समर्थकों के बीच ग़ज़ा पट्टी में हिंसक झड़पें हुई हैं. इनमें कम से कम चार लोग घायल हुए हैं.
दक्षिणी फ़लस्तीनी शहर ख़ान यूनिस में बिगड़ती क़ानून व्यवस्था के विरोध में हो रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान गोलीबारी की ये घटना हुई.
फ़तह पार्टी से जुड़े फ़लस्तीनी सुरक्षा अधिकारी बाहा बलूशेह के तीन युवा बेटों की सोमवार को निर्मम हत्या के बाद से ग़ज़ा में तनाव व्याप्त है.
तीनों बच्चे अपने पिता की कार से स्कूल जा रहे थे, तभी कुछ बंदूकधारियों ने उन पर हमला किया.
अंधाधुँध फ़ायरिंग में तीनों बच्चों और कार चालक की मौत हो गई थी.
किसी भी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. फ़तह और हमास दोनों ने इस घटना की निंदा की है.
बलूशेह ने 10 साल पहले हमास आंदोलन के ख़िलाफ़ कार्रवाई का नेतृत्व किया था. लेकिन अब हमास सत्ता में है.
फ़तह और हमास सरकार के बीच तनाव के कारण ग़ज़ा में गोलीबारी होती रहती है और इन घटनाओं में कई बेक़सूर भी मारे गए हैं.
कुछ ही दिन पहले ग़ज़ा के गृह मंत्री सईद सईम के काफ़िले पर गोलीबारी हुई थी, लेकिन सईम को कोई नुक़सान नहीं पहुँचा था.