http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 12 दिसंबर, 2006 को 23:38 GMT तक के समाचार

इराक़ नीति पर घोषणा अगले वर्ष

व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने इराक़ नीति पर अमरीका की संभावित नई घोषणा को अगले वर्ष तक के लिए टाल दिया है.

माना जा रहा था कि इराक़ स्टडी ग्रुप की रिपोर्ट के सामने आने के बाद राष्ट्रपति बुश क्रिसमस से पहले ही इस बारे में कोई घोषणा कर सकते हैं.

राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने कहा है कि इस फैसले को इस तरह से नहीं देखना चाहिए कि ऐसा अंतिम समय में संभावित घोषणाओं पर पुनर्विचार करने के लिए किया गया है.

उधर राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने इराक़ नीति के मसले पर विचार करने के लिए अपने तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन इराक़ में सुन्नी समुदाय के नेता और उप प्रधानमंत्री तारिक हाशीमी से वाशिंगटन में मुलाक़ात की.

बातचीत के बाद बुश ने कहा है कि उनका मकसद चरमपंथियों और हत्यारों से निपटने में इराक़ की मदद करना है.

वहीं तारिक़ अल हाशीमी ने कहा है कि स्थितियाँ काफी जटिल हैं पर फिर भी आशा की एक किरण दिखाई दे रही है.

मुद्दा

अपनी इन तीन दिनों की बातचीत के दौरान राष्ट्रपति बुश सेना के वरिष्ठ कमांडरों और कई वरिष्ठ अधिकारियों से इस विषय पर बातचीत कर रहे हैं.

बातचीत के इस क्रम को शुरु करने से पहले बुश ने कहा था कि इराक़ में सुरक्षा और लोकतंत्र की स्थापना के लिए उसके पड़ोसी देशों की भी ज़िम्मेदारी बनती है.

हालांकि ऐसा कहते हुए उन्होंने खुले तौर पर ईरान और सीरिया का नाम नहीं लिया था.

उल्लेखनीय है कि इराक़ में अमरीका की भावी नीति पर पिछले दिनों पेश की गई अपनी रिपोर्ट में इराक़ स्टडी ग्रुप ने कहा था कि इराक़ की स्थितियों को नियंत्रित करने के लिए अमरीकी प्रशासन को उसके पड़ोसी देशों की भी मदद लेनी चाहिए.