http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 08 दिसंबर, 2006 को 23:16 GMT तक के समाचार

ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर नया प्रस्ताव

संयुक्त राष्ट्र में फ़्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी ने प्रस्ताव का एक नया मसौदा पेश किया है जिसमें ईरान के परमाणु कार्यक्रम में कटौती की बात कही गई है.

ईरान को चेतावनी दी गई है कि यदि वह यूरेनियम संवर्धन का काम नहीं रोकता है तो उसके ख़िलाफ़ आर्थिक प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं.

सुरक्षा परिषद की बैठक में सोमवार को इस प्रस्ताव पर चर्चा होने की संभावना है.

ईरान का कहना है कि वह बिजली बनाने के लिए परमाणु कार्यक्रम चला रहा है. लेकिन सुरक्षा परिषद के पाँच स्थाई सदस्यों को संदेह है कि ईरान परमाणु बम बनाना चाहता है.

ईरान ने इससे पहले सुरक्षा परिषद की बात मानने से इनकार करते हुए यूरेनियम संवर्धन को रोकने से इनकार कर दिया है.

फ़्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी ने प्रस्ताव का मसौदा तैयार किया है जिसमें इस बात का ज़िक्र किया गया है कि ईरान को कौन-कौन सी सामग्री नहीं बेचनी चाहिए जिससे कि उसे परमाणु हथियार बनाने से रोका जा सके.

रूस और चीन की चिंताओं के बाद यह प्रस्ताव तैयार किया गया है. इन दोनों ही देशों को प्रस्ताव को वीटो करने का अधिकार है.

वैसे रुस ईरान में एक परमाणु बिजली घर बना रहा है तो चीन को ईरान से तेल लेना होता है.

यूरोपीय अधिकारी उम्मीद कर रहे हैं कि यह प्रस्ताव क्रिसमस से पहले वोट के लिए रख दिया जाएगा.