मंगलवार, 05 दिसंबर, 2006 को 10:31 GMT तक के समाचार
ईरान पर प्रतिबंध लगाने के मुद्दे पर विचार करने के लिए दुनिया की छह बड़ी ताकतें आज पेरिस में मिल रही हैं.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पाँच स्थायी सदस्यों-ब्रिटेन, चीन, फ्राँस, रूस और अमरीका के साथ-साथ जर्मनी के उच्च पदस्थ कूटनीतिज्ञ बैठक में भाग ले रहे हैं.
ये कूटनीतिज्ञ पिछले कई हफ़्तों से ईरान पर प्रतिबंध लगाने के मुद्दे पर आपस में सहमति बनाने का प्रयास कर रहे हैं.
ईरान पर संयुक्त राष्ट्र के दिशा-निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप है.
सूत्रों का कहना है कि ये सभी ताकतें प्रतिबंध की बात पर तो राज़ी हैं लेकिन प्रतिबंध के स्वरूप को लेकर एक मत नहीं हैं.
अंतरराष्ट्रीय दबावों के बावज़ूद ईरान ने अपना परमाणु संवर्धन कार्यक्रम रोकने से इंकार कर दिया है.
ईरान पर आरोप है कि वो अपने संवर्धन कार्यक्रम का उपयोग परमाणु हथियार बनाने में कर रहा है जबकि ईरान ने इन आरोपों का खंडन किया है.
ब्रिटेन, फ्राँस और अमरीका चाहते हैं कि ईरान पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएं जबकि रूस और चीन आगे बातचीत जारी रखने के पक्ष में हैं.